रातभर की बारिश से बदला मौसम, गर्मी-उमस से मिली राहत

Aug 26 2026

ग्वालियर। मंगलवार देर रात शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार सुबह तक जारी रहा। रातभर हुई वर्षा से मौसम सुहाना हो गया और पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। बुधवार सुबह भी शहर के कई इलाकों में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में 33.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके असर से तापमान में गिरावट आई। बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। हवा में नमी 100 प्रतिशत तक पहुंच गई।पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान शहरवासियों ने बारिश के बाद राहत महसूस की। देर रात तेज बारिश के बाद सुबह मौसम ठंडा रहा। हालांकि लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में सडक़ों पर पानी भर गया। वाहन चालकों को जलभराव और फिसलन के बीच सावधानी से निकलना पड़ा।
 अगले 24 घंटे भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में ग्वालियर में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।