जातिसूचक टिप्पणी टिप्पणी के खिलाफ सेन समाज ने एसपी ऑफिस में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा

Aug 25 2026

ग्वालियर। सेन समाज के लोगों ने समाज के सदस्यों के खिलाफ कथित जातिसूचक टिप्पणियों, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और दबंगई की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और सैलून व्यवसाय से जुड़े लोगों ने पुलिस अधिकारियों से सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन के साथ विभिन्न घटनाओं से जुड़े साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे। उनका कहना है कि जाति और पारंपरिक व्यवसाय को निशाना बनाकर की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों से समाज में आक्रोश है और सामाजिक सद्भाव प्रभावित हो रहा है। 
समाज ने गांधीनगर क्षेत्र से जुड़े एक मामले में गौरव बाजपेयी और उनके साथी बॉबी दंडोतिया पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षक विजय कुमार के खिलाफ सोशल मीडिया और सार्वजनिक रूप से कथित जातिसूचक व अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। सेन समाज का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों का उद्देश्य व्यक्ति को सामाजिक रूप से अपमानित करना है। मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।
पार्षद से जुड़े मामले के बाद सैलून व्यवसाय को निशाना बनाने का आरोप
नगर निगम के पार्षद बृजेश श्रीवास से जुड़े डिजिटल सिग्नेचर डोंगल प्रकरण के मीडिया में आने के बाद सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला भी ज्ञापन में उठाया गया। समाज का आरोप है कि दीपक बंटी शर्मा नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर पारंपरिक सैलून व्यवसाय और सेन समाज को निशाना बनाते हुए अपमानजनक टिप्पणी की।
सिद्धेश्वर नगर में महिलाओं से अभद्रता का आरोप
समाज ने मुरार के सिद्धेश्वर नगर में दो दिन पहले हुई कथित घटना का भी उल्लेख किया। आरोप है कि स्थानीय दबंगों ने सेन समाज की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक गालियां देने के साथ धमकियां भी दीं। समाज के मुताबिक, घटना के बाद क्षेत्र में महिलाओं और परिवारों के बीच भय का माहौल है। पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
परमप्रिय श्रीवास की मौत का मामला भी उठाया
मोतीझील निवासी परमप्रिय श्रीवास की पिछले साल हुई मौत का मुद्दा भी ज्ञापन में शामिल किया गया। परिजनों का आरोप है कि दबंगों ने उनके साथ मारपीट करने के बाद आग लगा दी थी, जिससे उनकी मौत हुई। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि शिकायत और साक्ष्य दिए जाने के बावजूद परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है।
धार्मिक मंच से टिप्पणी का मुद्दा भी उठाया
समाज ने पंडोखर सरकार के नाम से प्रसिद्ध धार्मिक व्यक्ति पर सार्वजनिक मंच से सेन समाज के खिलाफ कथित अमर्यादित और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप भी लगाया। प्रतिनिधियों ने इस मामले में भी उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सेन समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज संविधान और कानून में विश्वास रखता है और हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखता आया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर और सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की। समाज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो वह संविधान के दायरे में रहकर अहिंसक और लोकतांत्रिक आंदोलन करेगा।