केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिला ग्वालियर भिंड के संतों का प्रतिनिधि मंडल

Aug 25 2026

ग्वालियर। नेशनल हाइवे-719 के चौड़ीकरण की मांग को लेकर भिंड, ग्वालियर के संत समाज के प्रतिनिधि मंडल समेत हाइवे के आंदोलन से जुड़े लोग दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिले। संतों ने सिंधिया को पूर्व में उनके द्वारा हाइवे के संबंध में किया गया वादा याद दिलाया। संत समाज की ओर से कहा गया कि इस सडक़ पर बहुत हादसे हो रहे हैं। आए दिन लोग मर रहे हैं, लेकिन फोरलेन की प्रक्रिया पूरी क्यों नहीं हो पा रही है? इस पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हाइवे के संबंध में काम तेजी से चल रहा है। यह धरातल पर दिखने भी लगेगा। वर्ष 2027 में हाइवे बनना शुरू हो जाएगा।
मालूम हो कि हाइवे को फोरलेन करने के लिए लंबे समय से मांग की जा रही है। संत समाज की अगुवाई में ग्वालियर, भिंड में आंदोलन भी हुए। पूर्व में संतों के प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निवास पर मुलाकात की थी। लेकिन अभी तक इस प्रोजेक्ट की डीपीआर को कैबिनेट से मंजूरी नहीं मिल सकी है। ऐसे में हाइवे की प्रक्रिया पिछड़ती जा रही है। इसी के चलते संतों का प्रतिनिधि मंडल भिंड, ग्वालियर से दिल्ली स्थित केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निवास पर उनको हाइवे के संबंध में किया गया वादा याद दिलाने के लिए गया।
 जब तक रोड नहीं बन रही, तब तक टोल बंद हो:कालीदास महाराज
मुलाकात के दौरान संत समाज के जिला अध्यक्ष कालीदास महाराज ने ज्योतिरादित्य सिंधिया से कहा कि इस हाइवे को लेकर आपसे उम्मीद है। जनता भी आपको बड़ी उम्मीद के साथ देख रही है। सिंधिया ने कहा कि काम जल्द से जल्द चल रहा है, लेकिन प्रक्रिया में थोड़ा समय तो लगता है। हम जल्द ही इस सडक़ का केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से पूजन कराएंगे। कालीदास महाराज ने टोल बंद कराने के संबंध में मांग रखी। इस पर सिंधिया ने कहा कि वह कोई भी टिप्पणी नहीं करेंगे। फिलहाल संतों की बात पर कार्रवाई होने की उम्मीद है।
 हेल्प गुरु प्रमोद राजावत ने अंत में केंद्रीय मंत्री सिंधिया से कहा ग्वालियर चंबल संभाग के सभी संत इस हाईवे को लेकर निरंतर प्रयास कर रहे हैं इसलिए ग्वालियर चंबल संभाग के लोग संतों की तरफ आशा भरी नजर से देख रहे है यह हाईवे दिए गए समय पर अवश्य बने जिससे ग्वालियर चंबल संभाग में संतों का सम्मान हमेशा बना रहे जिस सिंधिया जी ने कहा में स्वयं संतों का बहुत सम्मान करता हूं, हाईवे निर्धारित समय में बनेगा संतो के आशीर्वाद से समय पर काम प्रारंभ होगा।
सिंधिया से मुलाकात करने वालों में दंदरौआ धाम के महंत रामदास महाराज, हरिनिवास अवधूत चिलोगा महाराज, संत समाज के जिला अध्यक्ष कालीदास महाराज, पायलट बाबा, संत रामेश्वर महाराज, संत डॉ. शिवप्रताप महाराज त्रिमूर्ति धाम, प्रतिनिधि मंडल समन्वयक भाजपा नेता डॉ. रमेश दुबे, रक्षपाल सिंह, अश्विनी तिवारी, सूबेदार मेजर रामअवतार सिंह परमार, हेल्प गुरु प्रमोद राजावत, पूर्व सैनिक महेश करारिया, हरेंद्र प्रताप सिंह नरवरिया पुर, अरविंद शर्मा आदि मौजूद रहे।