पार्टी ने दिया बड़ा आशीर्वाद:लाल सिंह आर्य

Aug 25 2026

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य मंगलवार को ग्वालियर पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर अगवानी के बाद शहर में जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए अपनी राजनीतिक यात्रा, पार्टी के विजन और आगामी चुनावों पर विचार साझा किए। वहीं, नवनियुक्त राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल 26 अगस्त को दोपहर 3:50 बजे दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस से ग्वालियर पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए शहर में तैयारियां की गई हैं।
अपने सफर के बारे में बताते हुए लाल सिंह आर्य भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, ‘मैं तो कंपाउंडर था, पिताजी कारीगरी करते थे और बाबा जूते बनाते थे। मैंने कभी वार्ड का पार्षद बनने का सपना भी नहीं देखा था, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने मुझे इतना बड़ा आशीर्वाद दिया है। मैं उनकी आशाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा।’ उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का भी आभार जताया। 
युवाओं से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं के आइकॉन चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव हैं। देश का राष्ट्रभक्त नौजवान ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ खड़ा है। राहुल गांधी के मनुस्मृति से जुड़े बयान पर पलटवार करते हुए आर्य ने कहा, ‘राहुल गांधी षड्यंत्रों का पिटारा हैं।’ उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का विकास और राष्ट्र को मजबूत बनाने में विश्वास नहीं है। कांग्रेस लोगों को भडक़ाकर सत्ता हासिल करना चाहती है, जबकि भाजपा का लक्ष्य ‘राष्ट्र प्रथम’ और आम जनता का कल्याण है। 
आशीष अग्रवाल ग्वालियर आएंगे आज
नवनियुक्त राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल 26 अगस्त को ग्वालियर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा जिला कार्यालय ‘मुखर्जी भवन’ में तैयारियों की समीक्षा की गई है। पूर्व जिलाध्यक्ष ने बताया कि पड़ाव, इंदरगंज, दौलतगंज और बाड़ा सहित शहर के प्रमुख चौराहों पर कार्यकर्ता पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करेंगे।