हर हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय

Aug 24 2026

भितरवार। भगवान शिव की उपासना और आराधना के पवित्र माह श्रावण माह के अंतिम सोमवार को भी अंचल के प्रमुख शिवालय ऊॅ नम: शिवाय के जाप और बम बम भोले, हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। मंदिरों पर पहुंची श्रद्धालुओं की भीड़ ने विधि विधान से भगवान शिव की पूजा अर्चना कर सुख शांति की कामना की। सोमवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं प्राचीन धूमेश्वर महादेव मंदिर और नगर के गोलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि विधान से भगवान भोले नाथ का अभिषेक किया। पूजा अर्चना अभिषेक के साथ भक्तों के द्वारा किए गए ऊॅ नम: शिवाय के जाप और उनके द्वारा लगाए गए बम बम भोले,हर हर महादेव के जयकारों से शिवालय गुंजायमान हो गए। टोली के रूप में मंदिर पहुंचे। भक्तगणों ने भोलेनाथ के शिवलिंग रूप के दर्शन कर जल और दुग्ध से अभिषेक किया। और भगवान भोलेनाथ का बिल्वपत्र,आक,धतूरे तथा अन्य पूजा की सामग्रियों से भोलेनाथ व उनके परिवार की पूजा अर्चना की। वही भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिरों में भोले के जयकारे लगाते हुए पूरे आसपास के वातावरण को गुंजायमान कर दिया। जिसकी ध्वनि चारों ओर गुंजायमान होती रही। वही अंचल के प्राचीन धूमेश्वर महादेव मंदिर पर मंदिर के महंत अनिरुद्धवन महाराज ने प्रात: कालीन बेला में भगवान भोलेनाथ का विधि विधान से अभिषेक किया। इसी प्रकार नगर के गोलेश्वर महादेव मंदिर पर भी पुजारी विजय गिरी गोस्वामी ने भगवान शिव का अभिषेक किया।