ड्यूटी से लौटते युवक को बाइक सवार ने गोली मारी, कंधे के पास लगी

Aug 24 2026

ग्वालियर। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में बिगत देर रात बाइक सवार बदमाश ने ड्यूटी से घर लौट रहे एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक की पीठ में कंधे के पास लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सडक़ पर गिर गया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना मुरैना रोड स्थित नारायण विहार कॉलोनी के गेट और मंघाराम फैक्ट्री के बीच हुई। घायल युवक की पहचान नारायण विहार कॉलोनी निवासी सचिन श्रीवास के रूप में हुई है। वह शहर के केशर टावर में नौकरी करता है।
पुलिस के मुताबिक सचिन बिगत रात ड्यूटी खत्म होने के बाद केशर टावर से ऑटो बुक कर गोला मंदिर चौराहे तक पहुंचा था। यहां से वह पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। मंघाराम फैक्ट्री के सामने पहुंचने पर वह कुछ देर के लिए रुका। इसके बाद जैसे ही वह आगे बढ़ा, पीछे से बाइक पर आए बदमाश ने उस पर गोली चला दी। गोली पीठ में कंधे के पास लगी। फायरिंग के बाद आरोपी गोला मंदिर चौराहे की ओर भाग गया।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। सचिन ने अपने दोस्त और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर गोला का मंदिर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल के बयान लिए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई। 
पुलिस के मुताबिक जहां वारदात हुई, वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। ऐसे में आसपास के क्षेत्रों और गोला मंदिर चौराहे पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किस दिशा से आया और वारदात के बाद किस रास्ते से भागा। फिलहाल गोली मारने के कारण का पता नहीं चल सका है।
गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि बाइक सवार युवक ने सचिन को गोली मारी है। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस जल्द आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।