स्पोर्ट्स कंपलेक्स हजीरा में लगेगा ऐतिहासिक चकरी मेला 29 अगस्त को

Aug 22 2026

ग्वालियर। नगर निगम द्वारा शहर की ऐतिहासिक एवं पारंपरिक सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के उद्देश्य से चकरी मेले का आयोजन 29 अगस्त  शनिवार को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जेसी मिल ग्राउंड बिरला नगर में किया जाएगा। मेला अपराह्न 3 बजे से प्रारंभ होगा। चकरी मेला ग्वालियर की समृद्ध लोक परंपरा और साहसिक खेलों का अनूठा संगम है। स्टेट काल से चली आ रही इस परंपरा को नगर निगम द्वारा वर्षों से निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। रक्षाबंधन के अगले दिन आयोजित होने वाला यह ऐतिहासिक मेला शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है।
मेले में शहर एवं अंचल के कलाकारों द्वारा सीनियर एवं जूनियर चकरी घुमाने, सुदर्शन चक्र घुमाने, गर्दन से हसली उठाने, सीने पर पत्थर तोडऩे सहित अनेक रोमांचक एवं साहसिक खेलों का प्रदर्शन किया जाएगा। हजारों दर्शकों के सामने कलाकार अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन करेंगे। मेले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर प्रतिभागी कलाकारों एवं खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
नगर निगम ग्वालियर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस प्राचीन एवं ऐतिहासिक चकरी मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पारंपरिक लोककलाओं और कलाकारों का उत्साहवर्धन करें तथा ग्वालियर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ें।