कॉम्बिंग गश्त में 197 वारंटी पकड़े, 250 बदमाशों के घर दी दबिश

Aug 22 2026

ग्वालियर। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए विगत रात बड़ी कार्रवाई की। एसएसपी धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस टीमों ने शहर और देहात क्षेत्रों में एक साथ 5 घंटे तक कॉम्बिंग गश्त की। इस दौरान पुलिस ने 197 फरार आरोपियों और स्थायी व गिरफ्तारी वारंटियों को पकडक़र हवालात पहुंचाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने 250 गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर जांच की। जेल से छूट चुके अपराधियों से उनके वर्तमान कामकाज और आय के साधनों की जानकारी ली गई, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में तो शामिल नहीं हैं।
एसएसपी धर्मवीर सिंह द्वारा शहर में स्वयं कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। ग्वालियर पुलिस के अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ थाना बल के साथ अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। इस गश्त के लिये पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। इस दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की चेकिंग की गई। कॉम्बिंग गश्त में जिले में कुल 93 स्थाई वारंट, 104 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 140 गुण्डा एवं 142 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया।  
कॉम्बिंग गश्त के दौरान एएसपी सुजावल जग्गा, सुमन गुर्जर, डॉ. शिवेश सिंह बघेल, जयराज कुबेर सहित ग्वालियर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ मय पुलिस बल के शहर एवं देहात क्षेत्र में गश्त किया।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। बदमाशों में पुलिस का खौफ और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखने के लिए कॉम्बिंग गश्त आगे भी जारी रहेगी।