माउंट आबू से आये बीके श्रीकांत भाई नें कराई ध्यान साधना

Aug 21 2026

ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय के माधौगंज स्थित प्रभु उपहार भवन केंद्र सहित अन्य केंद्रों पर विशेष गहन ध्यान साधना शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ब्रह्माकुमारीज के अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू स्थित आध्यात्मिक अनुप्रयोग अनुसंधान केन्द्र के राष्ट्रीय संयोजक राजयोगी बीके श्रीकांत भाई, बीके विनय भाई, ब्रह्माकुमारीज स्थानीय केंद्र प्रमुख बीके आदर्श दीदी उपस्थित थीं।
मुख्य वक्ता राजयोगी बीके श्रीकांत भाई ने आध्यात्मिक उन्नति के लिए श्रेष्ठ पुरुषार्थ एवं आत्मिक जागृति के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित ध्यान-साधना और सकारात्मक चिंतन से व्यक्ति अपने जीवन में आध्यात्मिक शक्ति, शांति एवं श्रेष्ठ संस्कारों को विकसित कर सकता है। वहीं बीके आदर्श दीदी ने शिविर के दौरान साधना के महत्व को स्पष्ट करते हुए आत्म-अनुभूति के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक साधना केवल कुछ समय का अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन को श्रेष्ठ बनाने की एक निरंतर प्रक्रिया है। आध्यात्मिक जीवन में नियमित पुरुषार्थ और योगाभ्यास की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बीके ज्योति बहन, बीके प्रहलाद भाई, बीके जीतू, बीके पवन, बीके हर्षित सहित अनेक साधक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
22 से 25 अगस्त तक देशभर में होगा वृहद रक्तदान अभियान 
ब्रह्माकुमारीज संस्थान द्वारा संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका श्रद्धेय दादी प्रकाशमणी के 19वें पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में एक साथ 22 से 25 अगस्त 2026 तक वृहद रक्तदान अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत ग्वालियर में भी 22, 23 एवं 24 अगस्त 2026 को माधौगंज स्थित ब्रह्माकुमारीज प्रभु उपहार भवन सहित अन्य सेवाकेंद्रों पर प्रात: 9:30 बजे से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में ब्रह्माकुमारीज संस्थान से जुड़े श्रद्धालु, कॉलेज के विद्यार्थी एवं शहर के नागरिक स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनेंगे।