7 हमलावरों ने लाठी-डंडों से किराना व्यापारी को पीटा, अस्पताल में मौत

Aug 20 2026

ग्वालियर। गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित बेल की बावड़ी पर सामान खरीदने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद की रंजिश में हमलावरों ने किराना व्यापारी और उनके भतीजे को लाठी-डंडों से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल किराना संचालक रामनिवास गुर्जर ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है। 
मृतक के भतीजे अमन गुर्जर के अनुसार, गत रोज आरोपी मेहताब गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर दुकान पर सामान लेने आए थे। इसी दौरान दोनों से कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश के चलते शाम करीब 8 बजे मेहताब और साहब सिंह अपने 5 अन्य साथियों के साथ कार से पहुंचे। लाठी-डंडों लेकर आए हमलावरों ने दुकान पर मौजूद रामनिवास और अमन पर हमला कर दिया। सिर, आंख और बाएं हाथ में चोट लगने से रामनिवास लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। गंभीर हालत में परिजन रामनिवास को कंपू स्थित 1000 बिस्तर के अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
 गिरवाई थाना सीएसपी शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मेहताब सिंह गुर्जर और साहब सिंह गुर्जर समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।