शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में करियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन

Aug 20 2026

ग्वालियर। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा व्यावसायिक मार्गदर्शन योजना के अन्तर्गत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरार में उपसंचालक रोजगार कार्यालय पवन कुमार भिमटे एवं समन्वयक श्रीमती कुसुम भारती  के मार्गदर्शन में करियर काउन्सिलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।  मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय में कलेक्टर द्वारा गठित काउन्सलिंग समिति द्वारा कक्षा 9 से 12 वीं के विद्यार्थियों को करियर संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। 
कार्यक्रम में वक्ता मनोविशेषज्ञ काउन्सलर डॉ याशी जैन, विषय विशेषज्ञ प्रमोद राजावत, आशीष पांडेय, अनूप पाण्डेय करियर काउंसिलिंग प्रकोष्ठ प्रभारी काउन्सलर डॉ. दीप्ति गौड़ , व्यावसायिक प्रशिक्षक नरेंद्र भार्गव, आईसीटी प्रभारी नीरज बिलाटिया सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कॉउंसलिंग टीम ने विद्यार्थियों का मनौवैज्ञानिक विश्लेषण कर रोजगार व स्वरोजगार के नित नए अवसरों की जानकारी प्रदान की एवं उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रबुद्ध गर्ग ने की। इस अवसर पर विद्यार्थियों से करियर सूचना फॉर्म भरवाए गए और उसके आधार पर विद्यार्थियों को काउंसलिंग प्रदान की गई। जिसमें स्वरोजगार के अवसर, व्यवसायिक कोर्स, तनाव प्रबंधन और उपयुक्त करियर का चयन विषयों पर चर्चा की गई। काउन्सलर डॉ. याशी जैन ने कहा कि व्यक्तित्व विकास के लिए,आपको आत्मविश्वास बढ़ाना, सकारात्मक सोच, और बेहतर संवाद कौशल विकसित करने जैसे छोटे-छोटे, लगातार कदम उठाने होंगे। नई चीजें सीखकर, स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर, और अपनी कमजोरियों को सुधारने पर ध्यान केंद्रित करके आप अपने व्यक्तित्व को निखार सकते हैं। विषय विशेषज्ञ आशीष पांडेय ने बताया कि सकारात्मक रहें: सकारात्मक लोगों के साथ समय बिताएं और एक सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं।
विषय विशेषज्ञ प्रमोद राजावत ने कहा  शासन की यह पहल अत्यंत उपयोगी है । रोजगार कार्यालय रोजगार की राहों से अवगत कराता है । सही विकल्प कैसे चुनें। अपनी रुचि और कौशल का मूल्यांकन करें। ज्ञान-आधारित, कौशल-आधारित, उद्यमी या फ्रीलांस-आधारित करियर के बीच निर्णय लें। आपकी रुचि और भविष्य के लक्ष्यों के आधार पर, इंटर्नशिप या प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विचार करें।