सडक़ों की गुणवत्ता को जांचने के लिए उच्च न्यायालय के निर्देश पर बेटी बचाओ तिराहे की सडक़ का लिया सैंपल

Aug 19 2026

ग्वालियर। शहर की सडक़ों की गुणवत्ता को जांचने के लिए उच्च न्यायालय के निर्देश पर बनाई गई कमेटी सडक़ों की जांच के लिए सैंपल लेने बेटी बचाओ तिराहे पहुंची। वहां पर टीम ने जांच के लिए सैंपल लिए। टीम के पहुंचने से पहले तकरीबन 11.15 बजे नगर निगम के अधिकारियों को सूचना दी गई। जिसके बाद निगम के अधिकारी की मौजूदगी में सडक़ पर गड्ढा खोद कर नमूने लिए गए। शहर की सडक़ों की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की गई थी। इसके चलते उच्च न्यायालय ने तीन सदस्यों का कमिशन नियुक्त किया है। जिसमें एडवोकेट गौरव समाधिया, पवन रघुवंशी और हिमांशु शर्मा हैं। पैनल ने सबसे पहले बेटी बचाओ तिराहे के पास सडक़ के सैंपल के लिए स्थान बताया है, इसके चलते वहां पर आज दोपहर 12 बजे सभी अधिकारी पहुंचे और से सडक़ का संैपल लिया।
न्यायालय लगा चुका है फटकार
उच्च न्यायालय में सैंपल के लिए पहले बेटी बचाओ चौराहे का स्थान निर्धारित किया था, लेकिन सैंपल से पहले नगर निगम ने वहां पर पहुंचकर ऊॅपर डमर गिट्टी की नई परत बिछा दी थी, जिसका वीडियो उच्च न्यायालय में दिखाया गया था। इस पर न्यायालय ने फटकार लगाते हुए निर्देश दिए थे कि अब सैंपल से 30 मिनट पहले जांच का स्थान बताया जाएगा। आज टीम बेटी बचाओ तिराहे के पास पहुंची और सैंपल लिए। इसके बाद वह अन्य स्थानों से सैंपल एकत्रित करेगी।