हिंडोला उत्सव में भगवान चक्रधर और गिरिराजधरण हिंडोले में झूले

Aug 19 2026

ग्वालियर। सनातन धर्म मंदिर में चल रहे 14 दिवसीय हिंडोला उत्सव में भगवान चक्रधर ने घेवर से सुसज्जित आकर्षक हिंडोले में विहार किया, जबकि गिरिराजधरण बिंदियों से सजे मनोहारी हिंडोले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए। भगवान के मनोहारी हिंडोला दर्शन के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान को घेवर का भोग अर्पित किया। घेवर से सजे हिंडोले में विराजमान भगवान चक्रधर का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा। भक्तों ने भजन-कीर्तन करते हुए भगवान को प्रेमपूर्वक झूला झुलाया और पूजा-अर्चना की।
हिंडोला उत्सव में महिला भक्त मंडल ने हरियाली थीम को केंद्र में रखते हुए विशेष भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। महिलाओं ने भगवान के हिंडोले के समक्ष भक्ति गीत गाए और नृत्य कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया। महिला भक्त मंडल की सहभागिता से उत्सव का माहौल और भी आनंदमय हो गया।
प्रतिदिन बदल रहा हिंडोले का स्वरूप
श्री चक्रधर हिंडोला उत्सव की विशेषता यह है कि प्रतिदिन भगवान को अलग-अलग थीम और सामग्री से सुसज्जित हिंडोले में विराजमान कराया जा रहा है। आकर्षक सजावट, भक्ति संगीत और विशेष भोग के साथ हो रहे इन आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।