सेवानिवृत्त शिक्षक वाजपेयी के स्वत्वों का जल्द भुगतान होगा, जन-सुनवाई ने दिया सहारा

Aug 18 2026

ग्वालियर। सेवानिवृत्त सहायक विज्ञान शिक्षक विजय शंकर वाजपेयी के शेष स्वत्वों का भुगतान जल्द होगा। जन-सुनवाई ने उन्हें सहारा दिया है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से उनके प्रकरण की रिपोर्ट मंगवाई है। साथ ही भुगतान में हो रही देरी के लिये जिम्मेदारी निर्धारित कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में पहुँचकर सेवानिवृत्त शिक्षक विजय शंकर ने आवेदन देकर अपनी व्यथा सुनाई थी, जिसे कलेक्टर श्रीमती चौहान ने इसे गंभीरता से लिया गया है। वहीं जौरासी निवासी ज्ञान सिंह पारदी के खेत के रास्ते में खड़े बड़े-बड़े बाँस और हाईटेंशन लाइन की वजह से आ रही दिक्कत जल्द दूर होगी। इसी तरह एक प्राइवेट स्कूल द्वारा छात्रा को टीसी न दिए जाने संबंधी समस्या का समाधान भी होगा। जन-सुनवाई में सामने आईं इसी प्रकार की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने संबंधित अधिकारियों को दिए। 
 कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जन-सुनवाई में 127 आमजनों की समस्यायें सुनी गईं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, जिला पंचायत के सीईओ सोजान सिंह रावत व एडीएम सीबी प्रसाद सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एक-एक कर सभी आवेदकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत विशेष रूप से नगर निगम के अधिकारियों को दी गई। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया। 
 जन-सुनवाई में प्राप्त हुए कुल 127 आवेदनों में से 85 आवेदन दर्ज किए गए। शेष 42 आवेदन विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिये आवश्यक टीप दर्ज कर दिए गए।