स्वच्छ स्कूल प्रतियोगिता के प्रथम चरण का आयोजन, विद्यार्थियों को दी जानकारी

Aug 18 2026

ग्वालियर। नगर निगम द्वारा आयोजित स्वच्छ स्कूल प्रतियोगिता के प्रथम चरण के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में ओरिएंटेशन एवं जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। निगमायुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार प्रथम चरण की शुरुआत की गई, जिसके तहत विद्यार्थियों एवं स्कूल प्रबंधन को प्रतियोगिता की प्रक्रिया, कैटेगरी, मूल्यांकन एवं अंक निर्धारण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतियोगिता 5 प्रमुख कैटेगरी में आयोजित की गई तथा प्रत्येक कैटेगरी 20 अंकों की होगी। इस प्रकार प्रतियोगिता के कुल 100 अंक निर्धारित किए गए हैं। विद्यार्थियों को प्रत्येक कैटेगरी के लिए आवश्यक तैयारियों एवं मूल्यांकन के प्रमुख बिंदुओं से अवगत कराया गया।
प्रतियोगिता में स्कूल के टॉयलेट का असेसमेंट, स्कूल में होम कम्पोस्टिंग, एमआरएफ सेन्टर एवं कचरा प्रबंधन व्यवस्था, विद्यार्थियों द्वारा घर पर होम कम्पोस्टिंग तथा क्विज एवं डिबेट जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया है। विद्यार्थियों को विशेष रूप से घर पर होम कम्पोस्टिंग करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन का संदेश स्कूल से निकलकर प्रत्येक परिवार तक पहुंचे।
आज मिसहिल हायर सेकेंडरी स्कूल पड़ाव, नेशनल चिल्ड्रेन हायर सेकेंडरी स्कूल बडग़ांव, केंद्रीय विद्यालय नंबर 01 एवं  कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में विद्यार्थियों को प्रतियोगिता से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश एवं जानकारी प्रदान की गई। निगमायुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार 19, 20 एवं 21 अगस्त को भी विभिन्न विद्यालयों में इसी प्रकार ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रथम चरण पूर्ण होने के बाद विद्यालयों का असेसमेंट चरण शुरू किया जाएगा, जिसमें प्रतियोगिता की निर्धारित कैटेगरी के आधार पर स्कूलों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके पश्चात क्विज एवं डिबेट प्रतियोगिताओं का आयोजन ओपन मंच पर किया जाएगा, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों की ज्ञान, जागरूकता एवं सक्रिय सहभागिता को आगे बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर अमित कुमार सिंह, नवीन राणा, निहाल सिंह यादव, अभिषेक पांचाल, रविंद्र सिंह किरार, योगेंद्र राजपूत, प्रमोद धनेलिया एवं सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अर्जुन उपस्थित रहे।