ब्रह्माकुमारीज़ केन्द्र पर गूंजा देशभक्ति और आध्यात्मिकता का संदेश

Aug 17 2026

ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के पुराना हाईकोर्ट लाइन स्थित संगम भवन केंद्र पर स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज केंद्र प्रमुख राजयोगिनी बीके आदर्श दीदी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। राजयोगी बीके प्रहलाद एवं बीके डॉ. गुरचरण सिंह ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। उपस्थित सभी भाई-बहनों ने राष्ट्रध्वज को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी गईं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता हमें भारत माँ के उन वीर सपूतो की बदौलत मिली है जिन्होंने भारत माता की सेवा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। हम उन्हें कभी नहीं भूल सकते है। उन्होंने भारत में रामराज्य की कल्पना की थी। हमारा फर्ज है कि आजादी के 80वें पर्व पर मन के विकारों, नकारात्मक विचारों, तनाव, क्रोध, भय और व्यसनों से भी स्वयं को मुक्त करें। आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से व्यक्ति अपने मन को सशक्त बनाकर स्वयं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है और समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे सकता है।
इस अवसर पर रिटायर्ड प्रो. आरएस वर्मा, नारायण चौरसिया, संतोष बंसल, विनीत गुप्ता, संजय चौहान, रामसेवक शर्मा, सुरेश बजाज, राजू, गीता, उषा, राधा, ऋतु, रीता, माधवी, सुनीता, ममता, मीरा, मालती सहित बड़ी संख्या में भाई-बहन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति, आध्यात्मिकता और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित सभी लोगों ने देश की प्रगति, शांति, एकता एवं श्रेष्ठ समाज के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प लिया।