पर्यावरण संरक्षण हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी:हरिओम गौतम

Aug 13 2026

ग्वालियर। मप्र जन अभियान परिषद के सहयोग से नवांकुर संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन के उद्देश्य से हरियाली सखी यात्रा का आयोजन विकासखंड मुरार के ग्राम जनारपुरा में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गांव की महिलाओं एवं ग्रामीण नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक धर्मेंद्र दीक्षित थे। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रीति बाजपेई तथा नवांकुर संस्था रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में हरिओम गौतम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण और उसे वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी भी हमें लेनी होगी। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने घर, खेत और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। धर्मेंद्र दीक्षित ने कहा कि पर्यावरण और जल संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े हुए विषय हैं। यदि हमें आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना है तो जल, जंगल और जमीन का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से वर्षा जल संरक्षण तथा पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रीति बाजपेयी ने भी महिलाओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने परिवार और समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने में प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान रमन शिक्षा समिति द्वारा उपस्थित नवांकुर सखियों को पौधों का वितरण किया गया। इसके बाद महिलाओं ने हरियाली सखी यात्रा निकालकर ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधारोपण, पौधों के संरक्षण एवं जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष नवाब सिंह ने किया, जबकि आभार रमन शिक्षा समिति के सचिव रामदास माहौर ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम की महिलाएं एवं ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।