स्वास्थ्य शिविर में 80 मरीजों की हुई जांच

Aug 12 2026

ग्वालियर। अचलेश्वर मंदिर परिसर में बुधवार को एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर अचलेश्वर ट्रस्ट, झंडू फार्मास्यूटिकल्स एवं नवयुवक सेन समाज गणेश मंदिर समिति के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा। शिविर का संचालन महिला आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. हिना काकवानी जैन के नेतृत्व में किया गया।
शिविर में लगभग 80 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। झंडू फार्मास्यूटिकल्स की ओर से डीएमडी टेस्ट तथा ज्ञान पैथोलॉजी द्वारा ब्लड ग्रुप एवं हीमोग्लोबिन की जांच की गई। जांच के साथ मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यक नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
शिविर को सफल बनाने में झंडू फार्मास्यूटिकल्स से महेंद्र सेन, अजय वर्मा एवं एवीएन फार्मा से अनार सिंह, वहीं गणेश मंदिर समिति से हेमंत सेन, रेखा सेन, नवयुवक यूसरेटें सेन समाज की टीम से राकेश सेन एवं दशरथ (जस्सू) सहित डॉ. हिना काकवानी जैन की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना है। शिविर में आए मरीजों ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।