190 बदमाश पकड़े, 252 के घर पहुंची पुलिस

Aug 10 2026

ग्वालियर। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए ग्वालियर पुलिस ने बीती रात पूरे जिले में कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। एसएसपी धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में शहर और देहात की पुलिस टीमों ने रातभर कार्रवाई की। इस दौरान 190 बदमाश पकड़े गए, जबकि 252 गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान स्थिति और गतिविधियों की जांच की गई।
रातभर चली कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ा। पुलिस टीमों ने 92 स्थायी वारंटियों और 98 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा। इसके अलावा 128 पहले से दर्ज गुंडों और 124 हिस्ट्रीशीटरों कुल 252 के ठिकानों पर अचानक पहुंचकर उनकी लोकेशन और गतिविधियों की जांच की। 
सडक़ों पर बिना वजह घूम रहे युवकों को पुलिस ने रोककर पूछताछ की और उनके परिजनों को फोन कर रात में बाहर होने की जानकारी दी। पूछताछ में पकड़े गए ज्यादातर युवक शहर से बाहर के रहने वाले निकले।
एसएसपी-एएसपी ने संभाली कमान, होटल-लॉज जांचे
कॉम्बिंग गश्त का नेतृत्व एसएसपी धर्मवीर सिंह ने किया। उनके साथ एएसपी सुजावल जग्गा, सुमन गुर्जर, डॉ. शिवेश सिंह बघेल और जयराज कुबेर ने अपने-अपने इलाकों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। टीमों ने शहर के बेहद संवेदनशील इलाकों, बैंकों, एटीएम, धर्मशालाओं, हाईवे के ढाबों और होटल-गेस्ट हाउस के एंट्री रजिस्टर चेक किए। साथ ही जेल से हाल ही में छूटे और जिला बदर आरोपियों के घरों पर पहुंचकर उनकी मौजूदगी की भी जांच की गई।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि कोई गुंडा, असामाजिक तत्व या बदमाश किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।