विश्व आदिवासी दिवस पर रैली में आदिवासी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए लोग, शिक्षा का दिया संदेश

Aug 09 2026

ग्वालियर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को ग्वालियर में आदिवासी संगठनों द्वारा एक विशाल रैली निकाली गई। यह रैली फूलबाग से शुरू होकर थाटीपुर स्थित अजाक्स कार्यालय तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के युवा, महिलाएं और बुजुर्ग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। रैली के दौरान आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिली। प्रतिभागी हाथों में तख्तियां और बैनर लिए चल रहे थे, जिन पर समाज को शिक्षित और जागरूक करने के संदेश लिखे थे। आयोजकों ने आदिवासी समाज के लोगों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और उन्हें आगे बढ़ाने की अपील की।
रैली में शिक्षा को सामाजिक और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए लोगों को जागरूक किया गया। पारंपरिक आदिवासी परिधान और आभूषण पहने पुरुष व महिलाएं आकर्षण का केंद्र रहे, जिससे रैली में आदिवासी संस्कृति और लोक परंपराओं की रंगीन छटा बिखरी। पूरे रास्ते उत्साह का माहौल रहा। ढोल और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर युवा और बुजुर्ग नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। रैली में शामिल लोग उत्साह के साथ आदिवासी एकता और संस्कृति का संदेश देते नजर आए। कई स्थानों पर पारंपरिक नृत्य भी प्रस्तुत किए गए।
आयोजकों ने बताया कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि समाज की संस्कृति, अधिकारों और विकास को लेकर जागरूकता फैलाने का दिन भी है। उन्होंने नई पीढ़ी को शिक्षा से जोडऩे की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। रैली का समापन अजाक्स कार्यालय पहुंचने के बाद हुआ, जिसने समाज में एकजुटता, शिक्षा और संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।