नई कार्यकारिणी का गठन, भारतीय संस्कारों के संरक्षण और नई पीढ़ी को संस्कृति से जोडऩे पर जोर

Aug 09 2026

ग्वालियर।  संस्कार भारती ग्वालियर महानगर की नई कार्यकारिणी में एक बार फिर डॉ. संजय धवले को अध्यक्ष और चंद्रप्रताप सिकरवार को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर नदी गेट में आयोजित वार्षिक साधारण सभा में संगठन के प्रांत महामंत्री मोतीलाल कुशवाह ने वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी की घोषणा की। बैठक में भारतीय कला, संस्कृति और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ बदलते सामाजिक परिवेश और सोशल मीडिया के प्रभाव से पैदा हो रही चुनौतियों का मिलकर सामना करने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि विभाग संघचालक प्रहलाद सबनानी ने कहा कि समाज और राष्ट्र का निर्माण सामूहिक प्रयासों से होता है। समय के साथ सोशल मीडिया का प्रभाव तेजी से बढ़ा है और इसका असर नई पीढ़ी पर भी दिखाई दे रहा है। ऐसे में संस्कार भारती के सामने भारतीय संस्कारों और जीवन मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि हमें यह विचार करना होगा कि जिन उद्देश्यों को लेकर संगठनात्मक कार्य शुरू हुआ था, उन्हें प्राप्त करने में हम कहां तक सफल हुए हैं। जो कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर करने के लिए नए प्रयास करने होंगे। परिवर्तन की शुरुआत परिवार से होगी, फिर समाज और उसके बाद राष्ट्र तक उसका प्रभाव पहुंचेगा। आने वाली पीढ़ी को अपने पुराने संस्कारों और संस्कृति से जोडऩा समय की आवश्यकता है।
प्रांत महामंत्री मोतीलाल कुशवाह ने कहा कि संगठन की सफलता मजबूत टीम और टीमवर्क पर निर्भर करती है। प्रत्येक कार्यकर्ता को एक-दूसरे के साथ समन्वय बनाकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए सामूहिक रूप से संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
नवनियुक्त महामंत्री चंद्रप्रताप सिकरवार ने कहा कि संस्कार भारती के माध्यम से भारतीय जीवन मूल्यों, कला और संस्कृति के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। अंत में नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. संजय धवले ने सभी का आभार व्यक्त किया। बैठक में प्रांत उपाध्यक्ष डॉ आलोक शर्मा एवं प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पावगी, संभाग प्रमुख शेखर दीक्षित, अशोक आनंद, डीएस चंदेल, अनीता करकरे, प्रदीप दीक्षित सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।