लगातार तीसरे दिन भी बारिश जारी, गर्मी से मिली राहत

Aug 06 2026

ग्वालियर। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी बारिश जारी रही। पिछले 72 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। लगातार हो रही बारिश का सबसे ज्यादा फायदा किसानों को मिल रहा है। किसानों का कहना है कि इससे धान, मक्का और दूसरी खरीफ फसलों की बढ़वार बेहतर होगी। खेतों में पर्याप्त नमी बनने से इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद है। इससे किसानों की आमदनी बढऩे की भी संभावना है। ठंडी हवाओं और रिमझिम बारिश के बीच लोग मौसम का आनंद लेते नजर आए। लगातार बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। लोगों का कहना है कि बारिश के बाद हवा भी पहले से ज्यादा साफ महसूस हो रही है। 
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी के कारण ग्वालियर-चंबल अंचल में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान मध्यम से तेज बारिश होने और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।