ग्वालियर एयरफोर्स गेट पर पेट्रोल बम फेंकने की कोशिश, आरोपी पकड़ा

Aug 06 2026

ग्वालियर। महाराजपुरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य गेट पर पेट्रोल बम जैसी वस्तु फेंके जाने से सुरक्षा एजेंसियों में हडक़ंप मच गया। घटना के बाद वायुसेना, पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है, जिसके बाद उसे मानसिक आरोग्यशाला भेजा गया है।
घटना बीती रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला है और आंध्र प्रदेश के एक निजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है। वह कुछ दिनों की छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था। यहां एक गेस्ट हाउस में ठहरने के बाद उसने बियर की बोतलों में पेट्रोल भरकर एयरफोर्स स्टेशन के गेट के पास फेंक दिया। घटना होते ही सुरक्षा में तैनात जवानों ने उसे तत्काल पकड़ लिया।
हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में इस तरह की घटना के बाद इंटेलिजेंस ब्यूरो, डिफेंस इंटेलिजेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी से लंबी पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वह बार-बार अपने बयान बदलता रहा। कभी उसने दावा किया कि एयरफोर्स स्टेशन से उसका दिमाग हैक किया जा रहा है, तो कभी जातिगत उत्पीडऩ की बातें करने लगा। पुलिस का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने नोएडा से एमसीए और भोपाल के मैनिट से एमटेक किया है। उसने पीएचडी में भी दाखिला लिया था, लेकिन पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। इसके बाद वह आंध्र प्रदेश के एक निजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्य करने लगा। फिलहाल पुलिस उसके पूरे बैकग्राउंड और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी की हरकत केवल उसकी मानसिक स्थिति का परिणाम थी या इसके पीछे कोई और कारण भी था। एयरफोर्स स्टेशन जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठान की सुरक्षा को देखते हुए मामले की गहन जांच जारी है।
इस मामले में महाराजपुरा थाना सर्किल के सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार का कहना है कि आरोपी को घटना के तुरंत बाद पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी मानसिक स्थिति असामान्य लगी। मेडिकल परीक्षण और जांच के बाद उसे मानसिक आरोग्यशाला भेजा गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।