स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर दौड़ी स्कॉर्पियो, आरपीएफ ने अज्ञात चालक पर मामला दर्ज किया

Aug 05 2026

ग्वालियर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक स्कॉर्पियो वाहन अनाधिकृत रूप से पहुंच गया। इस घटना से यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना तब सामने आई, जब प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ड्यूटी पर तैनात एक आरपीएफ आरक्षक ने काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक 25 बीएच 1420 आर को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करते देखा। चालक ने यात्रियों से भरे प्लेटफॉर्म पर वाहन चलाते हुए इसे ट्रेन परिचालन विभाग और यात्री कैंटीन के सामने तक पहुंचा दिया। यह क्षेत्र रेलवे का अत्यंत संवेदनशील हिस्सा माना जाता है, जहां यात्रियों की भारी आवाजाही रहती है।
आरपीएफ जवानों ने तत्काल वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक स्थिति को भांपते हुए तेजी से वाहन लेकर स्टेशन परिसर से बाहर निकल गया और फरार हो गया। हालांकि, इस दौरान वाहन की एक तस्वीर कैमरे में कैद हो गई। वीडियो फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल, वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश जारी है। रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।