लक्कड़ खाना क्षेत्र में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, स्थायी समाधान की मांग

Aug 05 2026

ग्वालियर। जन समस्या निवारण समिति ने लक्कडख़ाना, मुंशियों मोहल्ला एवं दरगाह क्षेत्र में लगातार हो रहे जलभराव पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। समिति के अनुसार लक्कडख़ाना पुल निर्माण के बाद वर्षा का पानी सही ढंग से नहीं निकल पा रहा है, जिसके कारण कई घरों में लगभग 3-3 फीट तक पानी भर गया। इससे स्थानीय निवासियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है तथा जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन सिंह माहौर ने बताया कि पुल निर्माण के दौरान सडक़ का समतलीकरण एवं जल निकासी की वैज्ञानिक व्यवस्था नहीं की गई। पुल के आसपास अतिक्रमण होने, पुराने जल निकासी मार्ग बंद होने तथा पाइपलाइन ऊँचाई पर डालने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुल बनने के बाद पहले की अपेक्षा जलभराव की समस्या और अधिक बढ़ गई है।
समिति ने संभागायुक्त, कलेक्टर एवं निगमायुक्त से मांग की है कि लक्कड़ खाना पुल से दरगाह तक स्थल निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का तकनीकी परीक्षण कराया जाए। साथ ही पुल के आसपास से अतिक्रमण हटाकर क्षेत्र को चौड़ा किया जाए, सडक़ का समतलीकरण किया जाए तथा पुराने जल निकासी मार्ग एवं गेटों को पुन: प्रभावी बनाया जाए ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। जल निकासी की जगह घरों में भर रहा है इसका शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय नागरिकों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।