एमआईटीएस डीयू में साइबर क्राइम एवं नशे के दुष्प्रभावों पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

Aug 04 2026

ग्वालियर। माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस डीम्ड यूनिवर्सिटी की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई-1 एवं इकाई-2 द्वारा रोटरी क्लब, ग्वालियर के सहयोग से ‘साइबर अपराध एवं नशे के दुष्प्रभाव’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंवदा भसीन एवं  विशिष्ट अतिथि एएसपी सुजावल जग्गा शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सम विश्वविद्यालय की प्रो वाइस चांसलर डॉ मंजरी पंडित ने अतिथियों के साथ माँ सरस्वती के पूजन से की। तत्पश्चात कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि सुजावल जग्गा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया सुरक्षा तथा डिजिटल सतर्कता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। 
वहीं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंवदा भसीन ने नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। डीम्ड यूनिवर्सिटी की प्रो वाइस चांसलर डॉ. मंजरी पंडित एवं डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. मनीष सागर ने विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने तथा एनएसएस गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन आर्यन अग्रवाल, श्रीम ठाकुर, डॉ. एसके चौरसिया एवं प्रो. दीप किशोर परसेडिया के मार्गदर्शन किया गया।  कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक कृष्णा अग्रवाल द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।