समाज को शिक्षित, संगठित और सशक्त बनाने पर जोर-धर्मेंद्र कुशवाह

Jul 31 2026

ग्वालियर। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित मंदाकिनी रिसॉर्ट में गत दिवस अखिल भारतीय कुशवाह महासभा की 55वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में देशभर से आए राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्षों, समाजसेवियों और प्रबुद्धजनों ने भाग लेकर समाज के विकास, संगठन की मजबूती और सामाजिक एकजुटता पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान कुश, भगवान बुद्ध, सम्राट अशोक और महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश मेहतो ने कहा कि महासभा का उद्देश्य समाज को शैक्षणिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज की उन्नति के लिए सभी वर्गों को संगठित होकर कार्य करना होगा। बैठक में विनोद कुशवंशी, लोकमन कुशवाहा, ओमप्रकाश कुशवाहा सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार और समाजहित के विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
इस दौरान संगठनात्मक विस्तार के तहत नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। धर्मेंद्र सिंह कुशवाह को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य तथा गोपाल सिंह कुशवाहा को प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया। बैठक में ग्वालियर से लक्ष्मण सिंह कुशवाहा और देशराज कुशवाहा सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठन को मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।