युवा पीढ़ी नशे के विरुद्ध जन-जागरण की अग्रदूत बने—स्वामी कृष्णामृतानन्द

Jul 31 2026

ग्वालियर। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, ग्वालियर के मार्गदर्शन में अहिंसा महिला बाल कल्याण स्वास्थ्य शिक्षा प्रसार समिति द्वारा संचालित नवजीवन आउटरीच ड्रॉप-इन सेंटर, ग्वालियर के तत्वावधान में रामकृष्ण मिशन हायर सेकेंडरी सीबीएसई स्कूल, ठाठीपुर, ग्वालियर में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के विरुद्ध प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनाना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी कृष्णामृतानन्द ने कहा कि ‘युवा पीढ़ी नशे के विरुद्ध जन-जागरण की अग्रदूत बने। यदि प्रत्येक विद्यार्थी अपने परिवार, मित्रों, मोहल्ले एवं समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प ले, तो नशा मुक्त भारत का सपना अवश्य साकार होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी स्वस्थ, सकारात्मक एवं संस्कारित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। विद्यालय के उपप्राचार्य एके दीक्षित ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार, करियर और सामाजिक जीवन को बर्बाद कर देता है। यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में आ जाता है तो वह अपने जीवन को स्वयं ही संकट में डाल देता है। इसलिए प्रत्येक छात्र-छात्रा का कर्तव्य है कि वह नशे से दूर रहकर अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे। संस्था की केंद्र प्रभारी मोहिनी वार्ष्णेय ने संस्था द्वारा संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था लंबे समय से नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता, परामर्श, उपचार एवं पुनर्वास के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान अब जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है और इसे सफल बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, विद्यालय परिवार एवं संस्था के समस्त स्टाफ सदस्यों ने नशा मुक्त भारत की शपथ ली तथा हस्ताक्षर अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया इस अवसर पर संस्था की केंद्र प्रभारी मोहिनी वार्ष्णेय, सामाजिक कार्यकर्ता नेमीचंद, शिवानी, प्रबल प्रताप सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार एवं संस्था के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।