हमने तो पिछले साल लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा था, अब मौखिक भी बोल दिया

Jul 28 2026

भितरवार। बागवई गांव में छीमक ग्वालियर मार्ग पर अंधे मोड़ पर लगातार हुई कई दुर्घटनाओं के बाद भी जिम्मेदारों ने स्पीड ब्रेकर और सांकेतिक बोर्ड जैस इंतजाम नहीं किए। एसडीएम के पत्र के बाद भी लोक निर्माण ने इस ओर कतई ध्यान नहीं दिया। जिससे बीते सात दिन में पिछली बार की तरह गांव के किसान बाबूलाल बघेल के घर में दो बार कार चुकी हैं। हादसे के बाद उक्त किसान के घर के लोग काफी डरे हुए हैं। वहीं मंगलवार को ग्राम बागवई के अंधे मोड़ पर अब तक हुईं दुर्घटनाओं और स्पीड ब्रेकर,सांकेतिक बोर्ड को लेकर एसडीएम राजीव समाधिया से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर हमने तो पिछले साल ही लोक निर्माण विभाग को स्पीड ब्रेकर और आवश्यक कार्रवाई के लिए लिखा था। जिस पर उक्त विभाग के एसडीओ ने एकज्युकिटिव इंजीनियर को इस संबंध में पत्र लिखकर दे दिया है। कलेक्टर की परमीशन के बाद ही स्पीड ब्रेकर बनेगा। वहीं एसडीएम समाधिया ने कहा कि स्पीड ब्रेकर को लेकर सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन हैं। स्पीड ब्रेकर कहीं भी कोई नहीं बना सकता। साथ ही एक सवाल के जवाब में एसडीएम ने कहा कि पीडब्लूडी विभाग के एसडीओ से दूरभाष पर चर्चा हुई है। उन्होंने जल्द ही स्पीड ब्रेकर,सांकेतिक बोर्ड को लेकर आवश्यक करने की बात कही है। उल्लेखनीय है कि बागवई गांव के अंधे मोड़ पर पिछले साल एक ट्यूरिष्ट मिनी बस अनियंत्रित होकर किसान बाबूलाल के बघेल के घर में घुस गई थी। जिससे उसके बच्चे चोटिल हो गए थे। और दुर्घटना में किसान की भैंसे भी घायल हो गईं थी। इसके बाद उक्त किसान के घर कई बार चार पहिया वाहन घुस गए थे। ऐसी स्थिति देखते हुए ग्रामीणों ने पिछले वर्ष भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत के लेटर पैड पर एसडीएम से स्पीड ब्रेकर और सांकेतिक बोर्ड लगवाने की मांग की थी। इसके बाद भी स्पीड ब्रेकर नहीं बना तो उक्त किसान ने अपने घर के बाहर जेसीबी मशीन से बड़े बड़े पत्थर रख लिए। बीते सात दिन में दो कारें इन पत्थरों से टकराकर क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। चोरी कर ले जाई जा रही भेड़ और बकरियों से भरी एक कार भी किसान के घर में घुस गई थी।