स्नेह स्पेशल स्कूल में दिव्यांग बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बिखेरे देशभक्ति के रंग

Jul 28 2026

ग्वालियर। सामाजिक संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों हेतु संचालित स्नेह स्पेशल स्कूल में ‘स्वतंत्रता दिवस 2026 का जश्न’ कार्यक्रम के अंतर्गत 15 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। 
इसी श्रृंखला में विद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों तथा विभिन्न प्रेरणादायक भारतीय वेशभूषाओं को धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों में देशभक्ति, आत्मविश्वास, रचनात्मकता, सांस्कृतिक मूल्यों एवं सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करना है। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर श्रीमती उर्मिला कुशवाहा, प्रियंका शर्मा, सविता सक्सेना, उमापाल, भावना कुशवाहा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। संस्था अध्यक्ष हरिओम गौतम ने बताया कि 31 जुलाई 2026 तक स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतर्गत चित्रकला, भाषण, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।