मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भाजपा प्रत्याशी के लिए रोड शो कर जनता का समर्थन मांगा

Jul 28 2026

दतिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में दो स्थानों पर विशाल रोड शो कर जनता से आशीर्वाद एवं समर्थन मांगा तथा भाजपा को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, उपचुनाव प्रभारी व सांसद भारत सिंह कुशवाह, पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, विधायक प्रदीप अग्रवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह रथ पर सवार रहे। 
रोड शो में उमड़े अभूतपूर्व जनसैलाब को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुटों और धड़ों में बटी कांग्रेस केवल बांटने और लड़ाने की राजनीति करना जानती है, जबकि भाजपा विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि दतिया के विकास को नई दिशा भाजपा सरकार ने दी है और आने वाले समय में भी विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी। जनसभा के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, डॉ. नरोत्तम मिश्रा उपस्थित रहे।  
 पहला रोड शो दतिया हवाई अड्डे से मां पीताम्बरा पीठ के उत्तर द्वार तक निकाला गया, जबकि दूसरा रोड शो मां पीताम्बरा पीठ के पश्चिम द्वार से बड़ी तिगलिया तक पहुंचा। दोनों रोड शो में हजारों की संख्या में विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, समाजों के पदाधिकारी, व्यापारी, स्थानीय नागरिक, युवा, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।