रोटरी क्लब रीगल द्वारा वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Jul 28 2026

ग्वालियर। रोटरी क्लब ग्वालियर रीगल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साकार करते हुए शासकीय जोरासी गौशाला में एक शानदार वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए फलदार एवं छायादार 31 पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल सुनिश्चित कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाएगा, जिससे आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर क्लब के सुधीर त्रिपाठी, महेंद्र शर्मा,  डॉ. अखिलेश पटेरिया, श्रीमती विनीता पटेरिया, डॉ. गिर्राज गोयल, मनोज चतुर्वेदी, सजल त्रिपाठी, डॉ राकेश सिंह धाकड़ सहित महिला सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ गिर्राज गोयल ने कहा कि, ‘पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। रोटरी क्लब ग्वालियर रीगल भविष्य में भी समाज एवं पर्यावरण हित में ऐसे जनकल्याणकारी कार्य निरंतर आयोजित करता रहेगा।