युवाओं को नशे के दलदल में जाने से रोकना हम सभी का दायित्व: हरिओम गौतम

Jul 27 2026

ग्वालियर। सामाजिक संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत सोमवार को दीपा फाउंडेशन स्कूल बंसीपुर मुरार में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम ने कहा कि नशे की लत अक्सर कम उम्र में शुरू होती है और धीरे-धीरे व्यक्ति के पूरे जीवन को बर्बाद कर देती है। नशा समाज के लिए एक अभिशाप है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इस अवसर पर दीपा फाउंडेशन स्कूल के डायरेक्टर जितेंद्र श्रीवास ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार को प्रभावित करता है। स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं को हर प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को जीवन में कभी भी किसी प्रकार का नशा न करने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती सविता सिसोदिया, शशी श्रीवास्तव, अमित मंडेलिया, अंजली अहिरवार, निर्मला श्रीवास, कशिश कुशवाह, पूनम गागोरिया, काजल पाल, सुरभि पाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।