संतों व गौभक्तों ने 5.30 लाख हस्ताक्षरों के साथ सौंपा ‘गौ सम्मान आह्वान’ ज्ञापन

Jul 27 2026

ग्वालियर। गौमाता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित  ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ में सैकड़ों संत-महात्माओं, हजारों गौभक्तों, मातृशक्ति एवं युवा गौसेवकों ने सहभागिता की। अभियान के समर्थन में एकत्रित 5.30 लाख हस्ताक्षरों के साथ शासन के नाम ज्ञापन जिला कलेक्ट्रेट में सौंपा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ 24 घंटे के अखंड विजय मंत्र ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ संकीर्तन, सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन से हुआ। मुख्य वक्ता एवं मार्गदर्शक स्वामी ऋषभ देवानंद महाराज ने गौ संरक्षण के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, पर्यावरणीय एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर संत रामभजन महाराज, संत गोपाल शरण महाराज, संत राम सेवक दास महाराज एवं मनु महाराज सहित सैकड़ों संत-महात्माओं ने समाज से गौ संरक्षण के लिए संगठित होने का आह्वान किया।
इसके पश्चात अलकापुरी से गौमाता को अग्रभाग में रखकर संतों एवं गौभक्तों की विशाल रैली जिला कलेक्ट्रेट पहुँची। ‘गौमाता का सम्मान-समाज का स्वाभिमान’ एवं ‘गौ सम्मान-राष्ट्र सम्मान’ के उद्घोषों से मार्ग गूंज उठा। कलेक्टर की अनुपस्थिति में एडीएम ने ज्ञापन ग्रहण किया। कार्यक्रम में शेखर तोमर, विनय दीक्षित, अरुण तिवारी, राज शर्मा, एपीएस गुर्जर एवं हरिओम मिश्रा सहित अनेक समाजसेवी एवं गौभक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन महिपाल सिंह खैनवार ने किया। अंत में संतों एवं गौभक्तों ने गौ संरक्षण को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए निरंतर जनजागरण अभियान बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।