ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न तोमर के प्रयास से 13 हजार परिवारों को मिली सीवर समस्या से मुक्ति

Jul 26 2026

ग्वालियर। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में चलाए गए सीवर सफाई महाअभियान ने 3 महीने पूरे कर लिए। जन सेवक प्रद्युम्न सिंह तोमर के मार्गदर्शन और जनकल्याण समिति की देख-रेख में चले इस सीवर सफाई महाअभियान के तहत उप नगर ग्वालियर में निवासरत लगभग 13 हजार परिवारों को हर रोज होने वाली सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से निजात दिलाई गई है। इन 3 महीनों में 1542 सीवर चैंबर और नाले साफ किए गए। कहने सुनने में भले ही सीवर चैंबरों की सफाई मामूली बात लगती हो, लेकिन इस महाअभियान में उन हजारों परिवारों को राहत दी है, जिन्हें सीवर चोक होने, घरों और सडक़ों पर गंदे पानी के भरने की समस्या से दो-चार होना पड़ता था।
यह सीवर सफाई महाअभियान अभी निरंतर जारी है और हजारों की संख्या में ऐसे सीवर चैंबर हैं, जहां सफाई होना है। हालांकि यह काम नगर निगम ग्वालियर का है, लेकिन नगर निगम ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई लिहाजा ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस समस्या को न केवल चुनौती के रुप में स्वीकार किया बल्कि असंभव से दिखाई देने वाले इस लक्ष्य को बारिश शुरू होने से पहले मंजिल तक पहुंचाया और ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने अपने स्तर पर सीवर सफाई का बीड़ा उठाया। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में इसी साल 18 अप्रैल 2026 से 20 जुलाई 2026 तक सीवर सुपर सकर मशीन के जरिए यह अभियान चलाया गया।