हैकाथन में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

Jul 26 2026

ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान डीम्ड यूनिवर्सिटी के सेंटर फार कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलाजी के सहयोग से हैकाथन का आयोजन किया गया। इस तकनीकी प्रतियोगिता में देशभर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी तकनीकी दक्षता, नवाचार क्षमता तथा जटिल समस्याओं के समाधान में उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान की प्रो-वाइस चांसलर डा. मंजरी पंडित एवं विशिष्ट अतिथि सेंटर फार कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलाजी के विभागाध्यक्ष डा. अभिषेक दीक्षित उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए नवाचार-आधारित शिक्षा, तकनीकी अनुसंधान तथा उद्योगोन्मुख कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। हैकाथन के लिए 400 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। प्रारंभिक मूल्यांकन के उपरांत 50 प्रतिभागियों का चयन आन-ग्राउंड कैंपस बेटल राउंड के लिए किया गया, जहां उन्होंने. वास्तविक तकनीकी चुनौतियों के समाधान के लिए अपनी रचनात्मक सोच, तकनीकी ज्ञान एवं नवाचार क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, टीमवर्क, रचनात्मक सोच तथा व्यावहारिक समस्या-समाधान कौशल का विकास करना है।