नीट पेपर लीक के दोषियों को मिलेगी सख्त सजा: सिंधिया

Jul 24 2026

ग्वालियर। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर-दतिया के एक दिवसीय दौरे के दौरान दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत का भरोसा जताया। इस दौरान उन्होंने नीट पेपर लीक मामले पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे सिंधिया ने कहा कि  दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंधिया ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनकी मेहनत के साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे ही अनियमितताओं की जानकारी सामने आई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। सरकार इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठा रही है।
सिंधिया ने बताया कि इस मामले में कैबिनेट में एक विधेयक लाया जा रहा है, जिसके तहत फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। इससे पेपर लीक जैसे मामलों की शीघ्र सुनवाई होगी और दोषियों को जल्द सजा दिलाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।