बारिश ने उमस भरी गर्मी से दी राहत, मौसम हुआ खुशनुमा

Jul 23 2026

ग्वालियर। गुरुवार दोपहर को झमाझम बारिश हुई। इससे लंबे समय से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। गुरुवार सुबह से ही आसमान में सूरज और बादलों के बीच लुका-छिपी चल रही थी। अल सुबह हल्की फुहारें पड़ीं, जिससे थोड़ी ठंडक महसूस हुई, लेकिन बाद में तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई थी। गुरुवार सुबह का तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के समान था। हवा में 95' नमी दर्ज की गई, जिसके कारण भीषण उमस महसूस हो रही थी। मौसम विभाग ने पहले ही तेज बारिश की संभावना जताई थी।
ग्वालियर अंचल में बादल तो दिख रहे थे, लेकिन अच्छी बारिश का इंतजार खत्म नहीं हो रहा था। किसान भी खेतों की नमी कम होने से चिंतित थे, जिससे फसलों को नुकसान का डर था। गुरुवार की बारिश ने लोगों को राहत देने के साथ ही अच्छी बारिश की उम्मीद जगाई है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की तरफ रेखा अब अंचल से होकर गुजरेगी। इसके चलते अगले 24 घंटों तक बादल छाए रहेंगे और तेज गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। अगले कुछ घंटों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।