ट्रैफिक थाने में आरक्षक की नींद और युवती की बिगड़ी तबीयत ने उठाए सवाल

Jul 22 2026

ग्वालियर। शहर की यातायात व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। महाराज बाड़े क्षेत्र से एक युवती का वाहन क्रेन द्वारा उठाकर ले जाया गया। वाहन की तलाश में युवती सबसे पहले यातायात थाना कंपू पहुंची, लेकिन वहां उसे यह कहकर वापस भेज दिया गया कि उसकी गाड़ी वहां नहीं लाई गई है।पीडि़ता जब दोबारा जानकारी लेकर यातायात थाना पहुंची, तब उसे बताया गया कि वाहन का चालान बड़े स्तर पर काटा जाएगा। लगातार चक्कर लगाने, भीषण गर्मी और मानसिक तनाव के कारण युवती की तबीयत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसे चक्कर आया और वह वहीं कुर्सी पर बैठ गई। 
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान थाने का एक दृश्य भी चर्चा का विषय बन गया। सामने आई तस्वीर में एक आरक्षक कुर्सी पर पैर रखकर आराम से सोता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरी ओर वाहन की तलाश में परेशान युवती अपनी खराब होती तबीयत के साथ इधर-उधर भटकती नजर आई। यह दृश्य कई सवाल खड़े करता है। यदि किसी नागरिक की तबीयत थाने परिसर में बिगड़ जाए, तो क्या तत्काल सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है? क्या फरियादी को सही जानकारी समय पर नहीं मिलनी चाहिए, ताकि उसे अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।