मध्यप्रदेश के विकास की गारंटी है भाजपा की डबल इंजन सरकार :आशुतोष तिवारी

Jul 21 2026

दतिया। दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मंगलवार को दतिया विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों रिछारी, नयागांव, जखोरिया, बरगांय, भिटी, रावरी, डगरा, कुआं, हिनौतिया, भिल्ला, सुनार, सेवनी, सोनागिर, महेवा, मुरेरा, गोविन्दपुर, रामसागर सहित दतिया नगर के वार्ड क्रमांक 10, 12, 20 और 21 में सघन जनसंपर्क कर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार सभी क्षेत्र में विकास के नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। भाजपा की डबल इंजन सरकार में दतिया के विकास होना ही है। दतिया से भाजपा की जीत ही विकास की गारंटी है। कांग्रेस ने दतिया विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में बहुत पीछे धकेला है, लेकिन अब यहां अगले ढाई वर्षों तक विकास ही विकास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव सिर्फ भाजपा-कांग्रेस का नहीं, बल्कि दतिया के विकास और लोगों को उनके अधिकार दिलाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि वे यहां पर सेवक बनकर आए हैं और भाजपा की जीत सुनिश्चित करके उन्हें सेवा का अवसर चाहिए।
कांग्रेस सिर्फ बातें करती है, भाजपा वादा करके उसे पूरा करती है
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ बातें करती हैं। वर्ष 2023 में भी दतिया विधानसभा क्षेत्र की जनता से कई वादे कर लिए और चुनाव जीतकर घर बैठ गए। विकास कार्यों में दतिया विधानसभा को बहुत पीछे कर दिया। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता सिर्फ बातें करते हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी जो वादा करती है, उसे अक्षरश: पूरा भी करती है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मार्ग पर चलती है। भाजपा एकात्म मानववाद के सिद्धांत को प्रतिपादित करते हुए समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति की सेवा करने में जुटी है। आशुतोष तिवारी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से जनता को सिर्फ वोट बैंक माना है। चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं और फिर पांच साल बाद अगले चुनाव में भी वे वोट मांगने ही आते हैं। उनका जनता से कोई लेना-देना नहीं है। जनसंपर्क के दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही नगरीय क्षेत्रों में भी जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। जगह-जगह उन पर फूलों की बारिश की जा रही है तो वहीं स्वागत, सत्कार भी किया जा रहा है। उन्हें हर वर्ग के लोगों को भरपूर साथ मिल रहा है।