अजाक्स भवन में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मेधावी छात्र अकादमी का हुआ शुभारंभ

Jul 21 2026

ग्वालियर। मप्र अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) भवन सेकंड स्टाफ तुलसीनगर भोपाल में अजाक्स मेधावी छात्र एकेडमी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का शुभारंभ बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित और फीता काटकर  मुख्य अतिथि मंत्री गौतम टेटवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजाक्स के प्रांताध्यक्ष चौ. मुकेश मौर्य द्वारा की गई। इस अवसर पर अतिविशिष्ट अतिथि अजाक्स के कार्यवाहक प्रांताध्यक्ष विशेष गढ़पाले,    गोवर्धनलाल गुवाटिया, डॉ. नीरा चौधरी, इंजी. एस.डी वंशकार श्यामलाल डीहरिया मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आर.के. दादोरिया एवं नत्थू सिंह अहिरवार ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गौतम टेटवाल ने कहा कि अजाक्स के द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के भविष्य निर्माण की दिशा में  ‘मेघावी छात्र एकादमी’ का शुभारंभ मील का पत्थर साबित होगा। विशेष गढ़पाले ने कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र की धरोहर है इन्हे सही रास्ता बिना किसी भेदभाव के दिखाना हम सबका दायित्व है जिसे हमे निभाना है। प्रांताध्यक्ष चौ. मुकेश मौर्य ने कहा कि अजाक्स महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर समाज के शोषित,पीडि़त और वंचितो को मुख्यधारा से जोडक़र, सामाजिक सद्भाव और समरसता को अक्षुण्ण बनाए रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को संचालित करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर मंत्री गौतम टैटवाल एवंम मंचासीन अतिथियों नें मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया और अजाक्स मे बढ़चडक़र संगठनात्मक गतिविधियों को जिलों मे संचालित करने वाले अम्बाराम बॉस, नन्दलाल हरियाले, एलआर अहिरवार, इंजी.राजेन्द्र धुर्वे, प्रदीप राही, बलवीर परस्ते, इंजी. एसबी इनवाती, कैलाश चंद्र सूर्यवंशी आदि को भी सम्मानित किया गया।