स्वास्थ्य अधिकारी आज से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में जाकर देखेंगे वस्तु स्थिति, करायेंगे सुधार: डॉ. सागर

Jul 21 2026

ग्वालियर। कलेक्टर श्रीमती रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों का बेहतर संचालन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एम.एस. सागर ने स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं योजनाओं का लाभ जिले के आखरी छोर तक निवास करने वाले हितग्राही तक पहुंचे इस हेतु उन्होंने जिले अधिकारियों के 5 दल नियुक्त किए हैं। जो ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में जाकर देखेंगे कि आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं किस स्तर तक पहुंच रहीं हैं, साथ ही यह निरीक्षण दल सुधारात्मक कार्यवाही भी करायेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी  डॉक्टर एम.एस. सागर ने बताया कि यह 5 स्वास्थ्य दल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधारात्मक कार्यवाही कराने के साथ यह भी देखेंगे कि अस्पताल सुबह अपने निर्धारित समय पर खोलें और चिकित्सक और स्टाफ समय पर पहुंचे और बेहतर उपचार आमजन को मिलें। यह निरीक्षण दल सुबह जल्दी क्षेत्रों में रवाना होंगें ताकि अस्पतालों की वास्तविकता का पता लगाया जा सके और सुधारात्मक कार्यवाही की जा सके। जो निरीक्षण दल बनाये गये है वह समय-समय पर वाहनों का उपयोग पूल बनाकर करेंगे।
 निरीक्षण दलों में जिनकी नियुक्ति की गई है। उनमें डॉ. पवन जैन जिला स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. विनोद दौनेरिया जिला मलेरिया अधिकारी, राजेश वर्मा जिला कंसल्टेंट मलेरिया, डॉ. जीए. राजपूत जिला स्वास्थ्य अधिकारी, धर्मेन्द्र राणा एपीएम, धर्मवीर शुक्ला बीसीएम, डॉ. दीपाली माथुर जिला स्वास्थ्य अधिकारी, विजय भार्गव जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम), डॉ. शिवानी अग्ररिया सीपीएचसी सलाहकार, डॉ. आरके गुप्ता जिला टीकाकरण अधिकारी, डॉ. महेन्द्र पिपरोलिया जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट,  एमएस खान डीसीएम, डॉ. विजय पाठक जिला क्षय अधिकारी, आईपी निवारिया जिला मीडिया अधिकारी, दत्तात्रेय कर्दे एमएण्डईओ आदि निरीक्षण उपरांत भ्रमण प्रतिवेदन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमएस सागर को प्रस्तुत करेंगे।