सुरेश बंसल की ऐतिहासिक जीत, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त अध्यक्ष पद हुए निर्वाचित

Jul 20 2026

ग्वालियर। चैम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिष्ठित चुनाव में संयुक्त अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुरेश बंसल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. विनोद जैन को 1641 मतों के भारी अंतर से पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस प्रचंड जनसमर्थन ने एक बार फिर व्यापारिक समुदाय का उन पर अटूट विश्वास सिद्ध कर दिया।
इस विजय के साथ ही सुरेश बंसल चैम्बर ऑफ कॉमर्स के इतिहास में तीसरी बार इससे पहले वह.2007 से 11 तक कोषाध्यक्ष एवं 2015 से 19 तक उपाध्यक्ष चुने गए हैं। उनकी इस शानदार सफलता पर व्यापारियों, उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया तथा मिठाइयाँ बांटकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इज़हार किया।
सुरेश बंसल ने अपनी जीत का श्रेय चैम्बर के सभी सम्मानित मतदाताओं, वरिष्ठजनों, सहयोगियों को देते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे व्यापारी समाज के विश्वास, प्रेम और सहयोग की जीत है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा चैम्बर ऑफ कॉमर्स को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में व्यापारियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा तथा चैम्बर को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी संस्था बनाने के लिए सभी सदस्यों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।