राष्ट्रीय अखंड भारतीय राठौर समाज का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

Jul 19 2026

ग्वालियर। राष्ट्रीय अखंड भारतीय राठौर समाज का भव्य राष्ट्रीय शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामयी और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में संपूर्ण भारतवर्ष के अलग-अलग राज्यों से आए सैकड़ों समाजसेवी, बुद्धिजीवी और समाज के मार्गदर्शकों ने शिरकत की। समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। देश के कोने-कोने से ग्वालियर पहुंचे अतिथियों का स्थानीय कार्यकारिणी द्वारा भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। मंच से समाजसेवियों ने संबोधित करते हुए कहा कि ग्वालियर की धरती से शुरू हुआ एकता का यह कारवां पूरे देश में समाज को एक नई दिशा देगा। कार्यक्रम में शिक्षा के प्रसार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने और सामाजिक कुरीतियों को मिटाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस सफल और ऐतिहासिक आयोजन के लिए आयोजन समिति ने देश भर से आए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।