जेल में जागरूकता शिविर, महिला बंदियों को मिला अधिकारों का ज्ञान

Jul 19 2026

ग्वालियर। समाजसेवा का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मसम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना भी है। इसी सोच के साथ विप्रा महिला मंच ने रविवार को सेंट्रल जेल, विनय नगर में महिला बंदियों के लिए सेवा, सहयोग एवं कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में महिला कैदियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ स्वच्छता सामग्री, दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं और उनके साथ रह रहे बच्चों को स्टेशनरी वितरित की गई। संस्था की संस्थापक डॉ. प्रतिभा चतुर्वेदी ने बताया कि मंच का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक संवेदना, सहयोग और महिला सशक्तिकरण का संदेश पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि महिला बंदियां अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ जीवन की नई शुरुआत के लिए प्रेरित हो सकें। कार्यक्रम में एडवोकेट प्रतिका पाठक ने महिला बंदियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। श्रुति उपाध्याय ने सैनिटरी नैपकिन वितरित किए, जबकि संस्था की ओर से महिलाओं को दैनिक उपयोग की सामग्री और बच्चों को स्टेशनरी उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर विप्रा महिला मंच की उपाध्यक्ष शैलजा मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष ज्योति शर्मा ने सेंट्रल जेल के उप अधीक्षक आरजी पाल का स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया। सुमन तिवारी एवं रश्मि त्रिपाठी ने एडवोकेट प्रतिका पाठक का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन दीप्ति शर्मा ने किया तथा अंत में सुमन शर्मा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कल्पना पाठक, डॉ. अलका मिश्रा सहित मंच की अनेक सदस्याएं मौजूद रहीं।