15 फीट ऊंची दीवार ढही, महिला की मौत:पति और देवर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

Jul 19 2026

ग्वालियर। चिरवाई नाका इलाके में रविवार सुबह करीब 7 बजे के करीब पहाड़ी पर बनी 15 फीट ऊंची रिटेनिंग वॉल ढह गई। इसमें दबने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और देवर गंभीर रूप से घायल हैं। मृत महिला की पहचान तराना के रूप में हुई है। वह दीवार के पास ही चाय और सिगरेट का ठेला लगाती थी। रविवार सुबह भी उसने ठेला लगाया हुआ था। पास में उसके पति राहुल उर्फ लल्ली जाटव और देवर पप्पू जाटव खड़े थे। तीनों दीवार की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि पप्पू कुछ दिन पहले ही भाई-भाभी से मिलने आया था। 
राहुल और उसके भाई पप्पू का ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है। हादसे में राहुल के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। डॉक्टरों ने प्लास्टर चढ़ा दिया है। वहीं, पप्पू की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दीवार के नीचे दबने से उसकी कमर के नीचे गंभीर चोटें हैं। डॉक्टरों ने दोनों का अल्ट्रासाउंड कराया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शरीर के अंदर कोई गंभीर आंतरिक चोट तो नहीं है।
तराना और उसके पति राहुल मूल रूप से गोल पहाडिय़ा संजय नगर के रहने वाले हैं। दोनों गुड़ा-गुड़ी के नाके पर किराए से रहते थे। परिजन के मुताबिक, राहुल और तराना ने लव मैरिज की थी। शादी के बाद तराना ने अपना नाम बदलकर सपना रख लिया था। दोनों चाय का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।
निर्माण में लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों ने दीवार के निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दीवार जरूरत से ज्यादा ऊंची बनाई गई थी और निर्माण में घटिया सामग्री के साथ पर्याप्त सरिया भी नहीं लगाया गया।