ग्वालियर में ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष के साथ निकली भव्य रथयात्रा

Jul 18 2026

ग्वालियर। इस्कॉन की ओर से शनिवार को भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा शुरू हुई। भगवान श्रीजगन्नाथ अपने बड़े भाई बलदेव और बहन सुभद्रा के साथ विशेष रूप से तैयार 42 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। सैकड़ों श्रद्धालु रस्सियों से रथ खींचते हुए  ‘जय जगन्नाथ’ और ‘हरे कृष्ण’ के जयघोष कर रहे हैं। पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। रथयात्रा का शुभारंभ जीवाजी क्लब से हुआ। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भगवान की पूजा-अर्चना और पारंपरिक छेरा पहंरा (स्वर्ण झाड़ू) सेवा के बाद यात्रा को रवाना किया। इसके बाद रथयात्रा निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ गई।
इस बार की रथयात्रा कई मायनों में खास है। 42 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ को करीब 200 किलोग्राम प्राकृतिक फूलों से सजाया गया है। यात्रा में रूस से आए कीर्तन मंडल, वृंदावन के श्रद्धालु और दिल्ली का प्रसिद्ध माधवास रॉक बैंड हरे नाम संकीर्तन प्रस्तुत कर रहे हैं। भगवान श्री चैतन्य महाप्रभु और पंचतत्त्व की भव्य पालकी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
रथयात्रा जीवाजी क्लब से शुरू होकर अचलेश्वर, इंदरगंज, दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, महाराज बाड़ा, नई सडक़ और लक्ष्मीगंज होते हुए गोयल वाटिका पहुंचेगी। यहां महाआरती, विशाल भंडारे और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ यात्रा का समापन हुआ।