प्रवीण अग्रवाल बने अध्यक्ष, पारस जैन को 617 वोट से हराया

Jul 18 2026

ग्वालियर। चैंबर ऑफ कॉमर्स चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। ग्वालियर मध्य प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स के 2026 के चुनाव में अध्यक्ष पद के दावेदार प्रवीण अग्रवाल ने अपनी जीत हासिल कर ली है, उन्होंने अपने कंपीटीटर पारस जैन को 617 वोटों से हराकर जीत हासिल की है। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पद के लिए कुल 3189 मतदान हुए थे, जिसमें प्रवीण अग्रवाल को 1895 वोट मिले थे और अध्यक्ष पद के दावेदार और इस चुनाव में हारने वाले पारस जैन को 1279 वोट प्राप्त हुए थे, इसमें 18 बोर्ड रिजेक्ट हुए थे। मध्यप्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव के लिए निर्वाचन समिति ने मतदान को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की थीं।
निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय के अनुसार, मतदान के लिए 24 बूथ बनाए गए थे। मतपत्र वितरण के लिए 14 टेबल लगाई गई थीं और प्रत्येक टेबल पर दो निर्वाचन सहायक तैनात किए गए थे, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके। मतदाताओं को आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से किसी एक वैध मूल पहचान पत्र के आधार पर मतदान की अनुमति दी गई। वहीं, मतगणना के दौरान केवल निर्वाचन कार्यालय की ओर से जारी अधिकृत पहचान पत्र वाले प्रत्याशी और उनके प्रतिनिधियों को ही प्रवेश दिया गया।
चुनाव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। चैंबर भवन के 100 मीटर दायरे में प्रचार-प्रसार, हथियार, मोबाइल फोन और कैमरों पर प्रतिबंध रहा। विशेष जरूरत वाले मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई थी। मतदान केंद्र पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।