जर्जर बिजली के खंभों व मृत गौवंशों का समय पर उठाव कराने निगमायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Jul 15 2026

ग्वालियर। गौरक्षा दल ग्वालियर (मध्यप्रदेश) एवं गोपाल गौसेवा समिति ग्वालियर के पदाधिकारियों ने निगमायुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहर में जर्जर एवं क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों की शीघ्र मरम्मत, नियमित रखरखाव तथा मृत गौवंशों का समय पर उठाव सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि शहर के कई क्षेत्रों में बिजली के खंभे जर्जर और क्षतिग्रस्त अवस्था में हैं, जिससे निराश्रित गौवंश की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। बरसात के मौसम में ऐसे खंभों से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। साथ ही संगठन ने बताया कि मृत गौवंशों को शाम 5 बजे के बाद नहीं उठाया जाता, जिसके कारण कई स्थानों पर शव लंबे समय तक पड़े रहते हैं। इससे दुर्गंध फैलती है, संक्रमण का खतरा बढ़ता है और आम नागरिकों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
गौरक्षा दल ने मांग की कि जर्जर बिजली के खंभों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा मृत गौवंशों के उठाव के लिए 24 घंटे अथवा कम से कम रात 10 बजे तक की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनस्वास्थ्य एवं स्वच्छता बनी रहे।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष केशव किशोरी, जिला प्रमुख शेखर सिंह तोमर, जिला अध्यक्ष मोहित जोशी एवं कार्यालय प्रभारी समर्थ प्रजापति रमा पांडेय, जितेंद्र सिंह यादव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। निगमायुक्त ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।