प्रजापति गोठ मिलन समारोह में सामाजिक एकता और समरसता का दिया संदेश

Jul 15 2026

ग्वालियर। लक्ष्मीगंज प्रजापति समाज द्वारा श्री काशीबाबा देव सरकार की  कृपा से प्रजापति गोठ मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय प्रजापति हितकारिणी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ख्यालेन्द्र प्रजापति, अध्यक्षता समाजसेवी हेमसिंह रौतले, विशिष्ट अतिथि नारायणदास प्रजापति, सुरेश कुमार प्रजापति ने विशेष रूप से शिरकत की, जहाँ समाज के लोगों में अभूतपूर्व उत्साह और आत्मीयता देखने को मिली। 
कार्यक्रम के संयोजक लालू प्रजापति ने अतिथियों का बड़े आत्मीय भाव से साफा एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत-सम्मान किया। अतिथियों द्वारा उनके इस स्नेहिल व्यवहार के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम का संचालन भालचन्द्र प्रजापति एवं कार्यक्रम का छायांकन रवि प्रजापति व देवेन्द्र प्रजापति ने किया।
 इस पावन अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों, ऊर्जावान युवाओं और मातृशक्ति का एक अद्भुत समागम देखने को मिला। सभी ने आपस में मिलकर सामाजिक विषयों पर चर्चा की और आत्मीय मिलन का आनंद लिया। कार्यक्रम में सभी उपस्थित जनों ने गोठ प्रसादी ग्रहण की। इस सामूहिक भोज ने आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का एक मजबूत संदेश दिया। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, समरसता, संस्कृति और संगठन की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। समाज को एकजुट रखने में इस तरह के आयोजनों की महती भूमिका है।